अजमेर के अस्पताल को मिली बड़ी सौगात, 13 करोड़ रुपये से खरीदे जाएंगे आधुनिक चिकित्सा उपकरण
अजमेर, 15 अक्टूबर। अजमेर के सरकारी अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। डीएमएफटी फंड से 13 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद को मंजूरी मिली है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयासों से अस्पताल में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।
अस्पताल में एमआरआई और सिटी स्कैन मशीनों का संचालन पीपीपी माध्यम से किए जाने की अनुमति भी मिल गई है। इससे अजमेर सहित पूरे संभाग के मरीजों को बेहतर जांच सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
हृदय रोग विभाग को मिलेंगी दो नई मशीनें
हृदय रोग विभाग के लिए 1.25 करोड़ रुपये की लागत से दो इकोकार्डियोग्राफी मशीनें खरीदी जाएंगी। इससे हृदय संबंधी बीमारियों की जांच और निदान में सुविधा मिलेगी तथा मरीजों को समय पर जांच उपलब्ध हो सकेगी।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग का होगा विस्तार
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के लिए 1.40 करोड़ रुपये के आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे। इनमें 80 लाख रुपये की एंडोस्कोपी प्रणाली, 45 लाख रुपये की एंटरोस्कोपी और 15 लाख रुपये के एंडोस्कोप शामिल हैं। इन उपकरणों से पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों की जांच और उपचार व्यवस्था मजबूत होगी।
तीन करोड़ से बनेगा मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर
अस्पताल के न्यू सर्जिकल ब्लॉक में 3 करोड़ रुपये की लागत से मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर ब्लॉक विकसित किया जाएगा। इससे शल्य चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को आधुनिक ऑपरेशन थिएटर की सुविधा मिल सकेगी।
सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक और जीर्णोद्धार के लिए भी राशि
अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए पूर्व में जारी राशि के अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं अस्पताल के जीर्णोद्धार एवं आवश्यक सुधार कार्यों के लिए 9.12 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।
इन स्वीकृतियों से अस्पताल के चिकित्सा उपकरणों के साथ-साथ आधारभूत ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। हृदय रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और शल्य चिकित्सा जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के विस्तार से अजमेर संभाग के मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही बेहतर जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।


