श्रीगंगानगर( जिला संवाददाता संजय बिश्नोई)शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। 15 अक्टूबर की रात करीब 3:15 बजे हनुमानगढ़ रोड स्थित अग्रवाल ट्रस्ट के पास अज्ञात चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।साहिल मॉडलैस फर्नीचर की दुकान में पूजा स्थल पर रखे करीब 10 हजार रुपए चोरी हो गए, जबकि दिव्या शटरिंग की दुकान से चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मामले में चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि पुलिस को संदिग्धों की फुटेज 26 मई को गौशाला रोड स्थित मोबाइल शॉप से हुई पांच लाख रुपए की चोरी के संदिग्धों से मिलती-जुलती नजर आ रही है। ऐसे में दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी रघुवीर के अनुसार, संदिग्धों की पहचान के लिए अब तक दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। जांच करते हुए पुलिस की एक टीम रिको क्षेत्र तक पहुंची है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर रात के समय बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है? क्या पुलिस पुराने मामलों का खुलासा करने के साथ नए चोरी के प्रयासों पर भी अंकुश लगा पाएगी? अब देखना होगा कि सीसीटीवी में कैद संदिग्ध कब पुलिस की गिरफ्त में आते हैं और क्या गौशाला रोड की पांच लाख रुपए की चोरी का रहस्य भी इसी जांच से सुलझ पाएगा।




