
अजमेर। जयपुर रोड स्थित सेदरिया बाइपास के पास सर्विस रोड की हालत लंबे समय से खराब होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय वाहन चालकों के अनुसार, दिन के समय तो किसी तरह गड्ढों से बचकर वाहन निकाले जा सकते हैं, लेकिन रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बाइक सवारों के असंतुलित होकर गिरने की आशंका बनी रहती है।
गड्ढों के कारण यातायात भी प्रभावित
सेदरिया बाइपास की सर्विस रोड मुख्य मार्ग से जुड़ी होने के कारण यहां वाहनों की आवाजाही रहती है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को धीमी गति से निकलना पड़ता है, जिसके चलते विशेषकर सुबह और शाम के समय यातायात बाधित होने की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, गड्ढों की वजह से छोटी-मोटी दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
स्थायी मरम्मत की मांग
आमजन ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सेदरिया बाइपास की सर्विस रोड का तत्काल निरीक्षण करवाकर गहरे गड्ढों को भरवाया जाए और सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग के समीप स्थित इस सर्विस रोड की अनदेखी वाहन चालकों की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है।
लोगों ने मांग की है कि संभावित दुर्घटना से पहले प्रशासन सड़क की सुध लेकर जल्द आवश्यक कार्रवाई करे।




