क्राइमराजस्थान

राजस्थान में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, भाजपा राज में अपराधियों के हौसले बुलंद: डॉ. राजकुमार जयपाल

पूर्व विधायक की हत्या, संघ प्रचारक से कथित पुलिस मारपीट और जेल में मौतों के मामलों को लेकर भजनलाल सरकार पर साधा निशाना

अजमेर, 14 अक्टूबर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, डकैती, चेन स्नेचिंग और महिलाओं के विरुद्ध अपराध की घटनाओं से आमजन में चिंता बढ़ रही है।

डॉ. जयपाल ने भरतपुर में पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या, जयपुर ग्रामीण के नरैना थाने में संघ प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ कथित पुलिस मारपीट तथा जेलों में होने वाली मौतों के मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार से जवाब मांगा।

उन्होंने कहा कि यदि पूर्व विधायक की हत्या हो सकती है और पुलिस थाने में संघ प्रचारक के साथ मारपीट के आरोप सामने आ सकते हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा? मुख्यमंत्री को प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

डॉ. जयपाल ने कहा कि हत्या, लूट, डकैती और महिलाओं के विरुद्ध अपराध जैसी गंभीर घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अपराध होने के बाद बयान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम के लिए मजबूत पुलिस व्यवस्था, नियमित गश्त और अपराधियों पर प्रभावी निगरानी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को धरातल पर प्रभावी कदम उठाने चाहिए। राह चलते लोगों से लूटपाट, चेन स्नेचिंग और हत्या जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की त्वरित कार्रवाई जरूरी है। यदि आम नागरिक को घर से बाहर निकलते समय अपनी सुरक्षा की चिंता करनी पड़े, तो यह शासन-प्रशासन के लिए गंभीर चेतावनी है।

डॉ. जयपाल ने पुलिस हिरासत में मारपीट के आरोपों और जेलों में मौतों के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका या दोष प्रमाणित होता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। कानून सबके लिए समान है और वर्दी किसी को कानून से ऊपर होने का अधिकार नहीं देती।

उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने, पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने तथा गंभीर आपराधिक मामलों में समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार की सफलता का आकलन इस बात से होना चाहिए कि प्रदेश के नागरिक कितने सुरक्षित हैं, अपराधियों पर कितना प्रभावी नियंत्रण है और पीड़ितों को कितनी जल्दी न्याय मिलता है।

शैलेश गुप्ता ने भी सरकार को घेरा

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार का ध्यान सत्ता की राजनीति पर अधिक केंद्रित दिखाई देता है, जबकि जनता की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर ठोस कार्रवाई करने और जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।

शैलेश गुप्ता ने कहा कि राजस्थान की जनता भयमुक्त वातावरण, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई चाहती है। जनता की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है और सरकार को इस जिम्मेदारी से बचना नहीं चाहिए।

ANIL KUMAR

ब्यूरो चीफ, अजमेर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!