
West Bengal Election 2026: गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि टीएमसी को हराने में बंगाल की जनता, बीजेपी के कार्यकर्ताओं से आगे है.

पश्चिम बंगाल में गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को पहले चरण की वोटिंग से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा. साउथ 24 परगना में एबीपी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि टीएमसी को हराने में बंगाल की जनता, बीजेपी के कार्यकर्ताओं से आगे है.

टीएमसी लगातार बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच गठजोड़ का आरोप लगा रही है. इस पर अमित शाह ने कहा, ‘तमिलनाडु में हमारी विरोधी सरकार है, वहां ये मुद्दा नहीं उठा. केरल में भी विरोधी सरकार है कोई आरोप नहीं लगा. असम में कांग्रेस ने भी हमपर कोई आरोप नहीं लगाया. सिर्फ ममता बनर्जी हैं जिनको तकलीफ है, जो आरोप लगा रही हैं.’
उन्होंने कहा, ‘ममता बनर्जी को जनता की आवाज सुनाई नहीं देती है. मैं उनको बंगाल की जनता की आवाज सुना रहा हूं. वो जरा ऊंचा सुनती हैं इसलिए मैंने कहा कि कान खोलकर सुन लो इसमें क्या बुराई है. सबसे कान खोलकर ही सुनना चाहिए. ममता बनर्जी को अपनी हार दिख रही है.’ उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद घुसपैठियों को रोकना और हटाना हमारी प्रार्थमिकता रहेगी.




