श्रीगंगानगर/श्रीकरणपुर (संजय बिश्नोई)। नगरपालिका श्रीकरणपुर के अधिशासी अधिकारी संदीप बिश्नोई ने 17 अक्टूबर को अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे कर लिए। 17 अक्टूबर 2024 को कार्यभार संभालने वाले बिश्नोई ने इन दो वर्षों में शहर के विकास, स्वच्छता, जनसमस्याओं के समाधान और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए कई नवाचारों को धरातल पर उतारा। उनके दो वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियों में सबसे प्रमुख शहर की सफाई व्यवस्था रही। स्वच्छता के क्षेत्र में श्रीकरणपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और विभिन्न पुरस्कार प्राप्त करने में नगरपालिका के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइटों और सार्वजनिक पार्कों के सुधार को भी प्राथमिकता दी गई। कार्यभार संभालते समय अधिशासी अधिकारी संदीप बिश्नोई के सामने सबसे बड़ी चुनौती शहर के विभिन्न वार्डों में बरसाती पानी की निकासी की थी। इस समस्या के समाधान के लिए विशेष प्रयास किए गए। वहीं, शहर में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाकर आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में भी कदम उठाए गए। उनके कार्यकाल का एक चर्चित नवाचार कचरा स्थल को हटाकर वहां सेल्फी पॉइंट का निर्माण करवाना रहा। इस पहल ने स्वच्छता के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण को भी नई पहचान दी। ईओ संदीप बिश्नोई ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक सरोकारों की भी मिसाल पेश की। बीते स्वतंत्रता दिवस पर नगरपालिका के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से तिरंगा फहरवाकर उन्होंने कर्मचारियों के सम्मान का संदेश दिया। वहीं, हाल ही में एक पालिका कर्मचारी की छोटी बहन की शादी में सामूहिक रूप से सवा लाख रुपए का भात भरकर सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया। उन्होंने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जिम्मेदारी जितनी आवश्यक है, उतना ही जरूरी कर्मचारियों के सुख-दुख में साथ खड़ा होना भी है। नगरपालिका की जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर संदीप बिश्नोई ने समय-समय पर नशे के खिलाफ भी आवाज उठाई। युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई। दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर अधिशासी अधिकारी संदीप बिश्नोई ने कहा कि शहर का सर्वांगीण विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “आने वाले समय में भी नई ऊर्जा और उत्साह के साथ श्रीकरणपुर के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते रहेंगे। आमजन का सहयोग और कर्मचारियों का बेहतर तालमेल ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। “दो साल का सफर : स्वच्छता को पहचान, विकास को रफ्तार और कर्मचारियों को सम्मान देने की पहल”





