गोरा गरीबां कब्रिस्तान की हाईमास्ट लाइट तीन साल से बंद, दो विभागों के बीच उलझा मामला
अजमेर। फाईसागर रोड स्थित गोरा गरीबां कब्रिस्तान में लगी हाईमास्ट लाइट पिछले तीन साल से अधिक समय से बंद पड़ी है। इसके चलते कब्रिस्तान में आने वाले लोगों को रात के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए स्थानीय गौरा गरीबां समिति ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर लाइट को जल्द ठीक करवाने की मांग की है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से कब्रिस्तान में हाईमास्ट लाइट लगवाई गई थी। बाद में इसे नगर निगम अजमेर को हस्तांतरित कर दिया गया, लेकिन रखरखाव और मरम्मत को लेकर दोनों विभागों के बीच मामला उलझा हुआ है। स्थिति यह है कि पिछले तीन साल से अधिक समय से लाइट बंद होने के बावजूद इसे ठीक नहीं करवाया गया है।
रात में जनाजा लाने में होती है परेशानी
समिति के अनुसार, कब्रिस्तान में रात के समय भी जनाजा लेकर आना पड़ता है। ऐसे में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कब्रिस्तान परिसर में झाड़-झाड़ियों और पेड़-पौधों की भरमार होने के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव निकलने का खतरा भी बना रहता है। अंधेरे के चलते लोगों में भय का माहौल रहता है और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग
समिति ने जिला कलेक्टर से आग्रह किया कि वे अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष होने के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर इस समस्या का समाधान करवा सकते हैं। ऐसे में हाईमास्ट लाइट की मरम्मत करवाकर कब्रिस्तान में रोशनी की व्यवस्था जल्द बहाल की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
ज्ञापन देने के दौरान समिति के अध्यक्ष सदरूद्दीन कुरैशी, मंत्री मोहम्मद युसुफ बिन हसन, सदस्य अकबर घोसी एवं रियाजुद्दीन कुरैशी सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
समिति ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित से जुड़ी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए हाईमास्ट लाइट को जल्द से जल्द चालू करवाया जाए।




