E-Paperराजस्थान

श्रीगंगानगर बॉर्डर पर पाकिस्तान की बड़ी साजिश नाकाम! ड्रोन से भेजे हथियार और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने की खबर

ANTF और BSF की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप, 2 पिस्टल, 4 मैगजीन, 600 राउंड और RDX मिलने की सूचना; पंजाब के दो संदिग्ध युवक हिरासत में

श्रीगंगानगर/रावला (संजय बिश्नोई)। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए संदिग्ध सामग्री भेजे जाने का मामला सामने आया है। श्रीगंगानगर जिले के रावला क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हथियारों एवं संदिग्ध विस्फोटक सामग्री की बरामदगी की सूचना से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रावला के 12 KND क्षेत्र के चक 4 KNM (डब्ल्यू टेल) के आसपास पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के माध्यम से तीन संदिग्ध पैकेट गिराए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान इन पैकेटों से दो पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 600 राउंड कारतूस मिलने की खबर है। इसके अलावा पैकेट में RDX जैसा संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ, 48 पेंसिल सेल तथा दो रिमोट मिलने की भी सूचना सामने आई है। हालांकि विस्फोटक पदार्थ की प्रकृति और बरामद सामग्री की अंतिम पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

पंजाब के फिरोजपुर निवासी बताए जा रहे दो संदिग्ध हिरासत में

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने मौके से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों युवक पंजाब के फिरोजपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं। यह भी जांच का विषय है कि सीमा पार से भेजी गई सामग्री किसके लिए मंगवाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

ANTF के आईजी विकास कुमार के निर्देशन में कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, ANTF के आईजी विकास कुमार के निर्देशन में ANTF, BSF और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आसपास के इलाकों में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी होने की सूचना है।

सबसे बड़ा सवाल—आखिर किसके लिए भेजे गए हथियार और संदिग्ध विस्फोटक?

सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री भेजे जाने की खबर ने सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क तक हथियार पहुंचाने की कोशिश थी? आखिर राजस्थान की अंतरराष्ट्रीय सीमा को ही इस खेप के लिए क्यों चुना गया फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। बरामद सामग्री, ड्रोन की गतिविधि और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

घटनास्थल को लेकर 12 KND और 16 KND, दोनों स्थानों की सूचनाएं सामने आई हैं। वहीं RDX सहित बरामदगी के विवरण की आधिकारिक पुष्टि अभी अपेक्षित है।

SANJAY KUMAR

ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!