जेएलएन अस्पताल में डीवीआर चोरी और सीसीटीवी बंद होने पर उच्चस्तरीय जांच की मांग

अजमेर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के न्यू मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर से डीवीआर चोरी होने तथा सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद होने के मामले को लेकर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मानव अधिकार परिषद राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर और जेएलएन अस्पताल अधीक्षक को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
गुप्ता ने पत्र में कहा कि 13 अक्टूबर को प्रकाशित समाचार के अनुसार अस्पताल के संवेदनशील मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर से डीवीआर चोरी होने और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग बंद रहने का मामला सामने आया है। अस्पताल में बड़ी संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद संवेदनशील चिकित्सा क्षेत्र तक चोरी की घटना सामने आना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूर्व में हुई एसी की कॉपर लाइन सहित अन्य चोरी की घटनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने मांग की कि डीवीआर चोरी और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग बंद होने की पूरी जांच कराई जाए तथा पुलिस में शिकायत दर्ज होने की स्थिति स्पष्ट की जाए। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों, कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की गई।
इसके अलावा अस्पताल के सभी संवेदनशील विभागों में लगे सीसीटीवी कैमरों, डीवीआर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की तत्काल जांच कर रिकॉर्डिंग व्यवस्था सुचारु कराने, पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं की जांच तथा अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की मांग की गई है।
गुप्ता ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने की मांग की, ताकि आमजन का सरकारी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे।



